सियालदह मंडल ने तीन मेमू रेल सेवाओं का बहरामपुर कोर्ट तक किया विस्तार
कोलकाता, 20 जून (हि.स.)। पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने मुर्शिदाबाद क्षेत्र में रेल संपर्क और यात्रियों की सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तीन मौजूदा मेमू रेल सेवाओं का विस्तार किया है। ये सेवाएं पहले कासिमबाजार तक संचालित होती थीं, जिन्हें अब बहरामपुर कोर्ट स्टेशन तक बढ़ा दिया गया है। विस्तारित सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ बहारामपुर के विधायक सुब्रत मैत्रा ने बहरामपुर कोर्ट स्टेशन से किया। इस अवसर पर सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना भी उपस्थित रहे।
इन रेल सेवाओं के विस्तार से आजीमगंज और बहरामपुर कोर्ट के बीच सीधी रेल संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कार्यालय जाने वाले लोगों तथा अन्य यात्रियों को लाभ मिलेगा। यह कदम जिले के महत्वपूर्ण प्रशासनिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक केंद्र बहारामपुर कोर्ट तक सुगम यात्रा सुनिश्चित करेगा।
विस्तारित रेल सेवाओं का विवरण इस प्रकार है—
63042/63041 मेमू सेवा जोड़ी का विस्तार
63042 आजीमगंज–बहा।रामपुर कोर्ट मेमू, जिसे कासिमबाजार से आगे बढ़ाया गया है, पूर्व निर्धारित समयानुसार आजीमगंज से सुबह छह बजकर 55 मिनट पर रवाना होगी और सात बजकर 20 मिनट पर बहारामपुर कोर्ट पहुंचेगी।
वापसी में 63041 बहरामपुर कोर्ट–आजीमगंज मेमू सुबह सात बजकर 35 मिनट पर प्रस्थान करेगी और आठ बजकर दो मिनट पर आजीमगंज पहुंचेगी।
63046/63045 मेमू सेवा जोड़ी का विस्तार
63046 आजीमगंज–बहरामपुर कोर्ट मेमू शाम सात बजकर 50 मिनट पर आजीमगंज से रवाना होगी और आठ बजकर 15 मिनट पर बहारामपुर कोर्ट पहुंचेगी।
वापसी दिशा में 63045 बहरामपुर कोर्ट–आजीमगंज मेमू रात आठ बजकर 53 मिनट पर प्रस्थान करेगी और नौ बजकर 20 मिनट पर आजीमगंज पहुंचेगी।
63058/63057 मेमू सेवा जोड़ी का विस्तार
63058 आजीमगंज–बहरामपुर कोर्ट मेमू रात नौ बजकर 30 मिनट पर आजीमगंज से रवाना होगी और नौ बजकर 57 मिनट पर बहरामपुर कोर्ट पहुंचेगी।
वापसी दिशा में 63057
बहरामपुर कोर्ट–आजीमगंज मेमू रात 10 बजकर 12 मिनट पर प्रस्थान करेगी और 10 बजकर 39 मिनट पर आजीमगंज पहुंचेगी।
मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि इन मौजूदा मेमू सेवाओं का विस्तार सियालदह मंडल की क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत करने और यात्रियों की यात्रा संबंधी जरूरतों को पूरा करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बेहतर संपर्क व्यवस्था से आजीमगंज, कासिमबाजार, बहरामपुर तथा आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को अधिक सुविधा और बेहतर परिवहन विकल्प उपलब्ध होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

