पश्चिम बंगाल में वर्षा जारी रहने के आसार, जंगल महल सहित कई जिले रहेंगे प्रभावित
कोलकाता, 25 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में शनिवार को भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में दिन भर बादल छाए रहेंगे तथा अनेक स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। उत्तर बंगाल के पर्वतीय और तराई क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।
दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर सहित कई जिलों में दोपहर अथवा शाम के समय गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आर्द्रता अधिक रहने से उमस बनी रह सकती है।
जंगल महल क्षेत्र के झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम मेदिनीपुर के साथ पूर्व मेदिनीपुर, बीरभूम और विष्णुपुर (बांकुड़ा) क्षेत्र में शनिवार को मौसम मुख्य रूप से बादलों वाला रहने का अनुमान है। दिन भर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम वर्षा तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत के आसपास रहने से उमस बनी रहेगी।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार तथा आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

