उमस भरी गर्मी ने बढ़ाई परेशानी, मंगलवार के बाद दक्षिण बंगाल में बढ़ सकती है बारिश
कोलकाता, 28 जून (हि. स.)। कोलकाता समेत पूरे दक्षिण बंगाल में लगातार हो रही छिटपुट बारिश के बावजूद इससे तापमान में खास बदलाव नहीं आ रहा है। बारिश रुकते ही उमस बढ़ने से गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। रविवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है।
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल में मंगलवार से बारिश बढ़ सकती है। कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में शुक्रवार तक गरज-चमक के साथ लगातार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मंगलवार से पहले भी नदिया, मुर्शिदाबाद, पूर्व बर्दवान और बर्दवान और बीरभूम जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है।
अलीपुर मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। मानसूनी बारिश से दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे जिले बेहाल हैं। इन जिलों में पिछले कई हफ्तों से भारी बारिश जारी है। उत्तर बंगाल की नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। फिलहाल स्थिति में सुधार की कोई संभावना नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

