दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज हवा और बारिश की संभावना
कोलकाता, 22 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में इन दिनों भीषण गर्मी और उमस के बीच कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर समेत आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं, कई इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम जारी रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हाल के दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान काफी अधिक दर्ज किया गया है। विशेषकर आसनसोल और आसपास के इलाकों में तापमान ज्यादा रहने की जानकारी मिली है। दूसरी ओर उत्तर बंगाल के जिलों में तापमान अपेक्षाकृत कम है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम चार बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई जिलों में गर्मी के साथ बीच-बीच में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

