home page

बंगाल में मौसम रहेगा शुष्क, अगले चार दिनों में चार डिग्री तक तापमान गिरने के आसार

 | 
बंगाल में मौसम रहेगा शुष्क, अगले चार दिनों में चार डिग्री तक तापमान गिरने के आसार


कोलकाता, 05 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद गुरुवार को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्के बादल रह सकते हैं। सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

अलीपुर स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय मौसम केंद्र (आरएमसी) की ओर से पांच नवंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि हावड़ा, पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है। कोलकाता, हुगली, उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व एवं पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।

उत्तर बंगाल के सभी आठ जिलों में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में बारिश की कोई विशेष संभावना नहीं जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय मैदानी इलाकों की तुलना में अधिक ठंड महसूस हो सकती है।

मौसम विभाग के तापमान संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले चार दिनों में गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और उपहिमालयी पश्चिम बंगाल के जिलों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

अलीपुर मौसम केंद्र के गुरुवार सुबह 8.30 बजे के आंकड़ों के अनुसार, कोलकाता में तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा शांत रही और आर्द्रता 86 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को अलीपुर में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, मिदनापुर में अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

बांकुड़ा में अधिकतम तापमान 27.7 और न्यूनतम 22.8 डिग्री, पुरुलिया में अधिकतम 30.3 और न्यूनतम 21 डिग्री, आसनसोल में अधिकतम 28.8 और न्यूनतम 21.6 डिग्री तथा दार्जिलिंग में अधिकतम 19.4 और न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कूचबिहार में अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम 17.9 डिग्री, जलपाईगुड़ी में अधिकतम 32.8 और न्यूनतम 19.8 डिग्री तथा मालदा में अधिकतम 30.7 और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग की ओर से पांच से 11 नवंबर तक जारी सात दिवसीय पूर्वानुमान में दक्षिण और उत्तर बंगाल के किसी भी जिले के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। फिलहाल भारी बारिश या शीत लहर की कोई चेतावनी नहीं है। हालांकि तापमान में गिरावट के साथ आने वाले दिनों में सुबह और देर रात ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता