home page

बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव से पूरे पश्चिम बंगाल में वर्षा का प्रकोप, कई जिलों में चेतावनी

 | 
बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव से पूरे पश्चिम बंगाल में वर्षा का प्रकोप, कई जिलों में चेतावनी


कोलकाता, 27 जुलाई (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और सक्रिय मानसूनी ट्रफ रेखा के प्रभाव से पूरे पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, कोलकाता के अनुसार, राज्य के अनेक जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा तथा गरज के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

दक्षिण बंगाल के तटीय और पश्चिमी जिलों में निम्न दबाव का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिल रहा है। पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम तथा दक्षिण 24 परगना जिलों में अनेक स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (सात से 20 सेंटीमीटर) होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बांकुड़ा, पुरुलिया तथा पश्चिम बर्धमान जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।

कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना तथा पूर्व बर्धमान जिलों में दिनभर आकाश में बादल छाए रहने, रुक-रुक कर मध्यम वर्षा अथवा बौछारें पड़ने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।

मध्य एवं उत्तर बंगाल के मैदानी क्षेत्रों में मालदा, उत्तर दिनाजपुर तथा दक्षिण दिनाजपुर जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। इन जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

उत्तर बंगाल के पहाड़ी एवं डुआर्स क्षेत्रों में भी मानसूनी गतिविधियां लगातार मजबूत हो रही हैं। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार तथा कूचबिहार जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी दो से तीन दिनों के दौरान कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

लगातार हो रही वर्षा के कारण दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन तथा लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

राज्यभर में वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जबकि वातावरण में आर्द्रता का स्तर अधिक बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता