बंगाल में शुक्रवार से आंधी-बारिश का अलर्ट
कोलकाता, 25 मार्च (हि.स.)।
बसंत का असर समाप्त होते ही पश्चिम बंगाल में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से राज्य में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में कालबैसाखी के साथ तेज हवाएं और ओलावृष्टि हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को उत्तर एवं दक्षिण बंगाल में वर्षा की संभावना कम है, लेकिन सप्ताहांत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बुधवार सुबह शहर में आंशिक बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम है। शुक्रवार से रविवार तक शहर में आंधी-बारिश की संभावना है।
दक्षिण बंगाल में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है और सुबह के समय हल्का कोहरा बना हुआ है। तटीय क्षेत्रों में आर्द्रता अधिक रहने के कारण उमस का असर रहेगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को सभी जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी दी है। पुरुलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और पूर्व बर्धमान के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है।
उत्तर बंगाल के ऊपरी जिलों में बुधवार को खराब मौसम की स्थिति बनी हुई है। यहां बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। हालांकि शाम के बाद मौसम में कुछ सुधार हो सकता है। गुरुवार को वर्षा कम रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद फिर से मौसम के खराब होने के संकेत हैं।
मौसम विभाग ने सप्ताहांत के दौरान पूरे राज्य में मौसम के बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

