home page

पश्चिम बंगाल बजट में खेल और युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं

 | 
पश्चिम बंगाल बजट में खेल और युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं


कोलकाता, 22 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री इंद्रनील खान ने सोमवार को राज्य के वर्ष 2026-27 के बजट को खेल और युवा विकास के लिए “अभूतपूर्व” बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बजट खेल ढांचे को मजबूत करने और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम है।

विधानसभा में वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता द्वारा पेश बजट में खेल और युवा कल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की गई। प्रमुख प्रस्तावों में 150 करोड़ रुपये की लागत से एक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना शामिल है। इसके अलावा उत्तर बंगाल में दो इंडोर और आउटडोर स्टेडियम परिसरों के निर्माण की योजना बनाई गई है।

राज्य सरकार ने मौजूदा खेल परिसरों के आधुनिकीकरण और मरम्मत के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसमें रवींद्र सरोवर स्टेडियम के नवीनीकरण का कार्य भी शामिल है। साथ ही ‘खेलो इंडिया’ ढांचे के तहत राज्य की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से मिनी इंडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे।

खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खेल क्लबों को एक करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता देने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए 50 करोड़ रुपये का अलग एथलीट रिवॉर्ड फंड बनाया जाएगा।

मंत्री इंद्रनील खान ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने खेल और युवा कल्याण के लिए इस स्तर पर निवेश नहीं किया था। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का प्रभाव अगले दो से तीन वर्षों में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।

बजट में युवाओं के लिए भी कई नई घोषणाएं की गई हैं। नई ‘भरोसा योजना’ के तहत ऐसे बेरोजगार स्नातक, जिनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है, उन्हें तीन हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे, जबकि गैर-स्नातकों को दो हजार रुपये मासिक सहायता मिलेगी। यह योजना पहले की युवा साथी योजना का स्थान लेगी।

इसके अतिरिक्त सरकारी और सहायता प्राप्त कॉलेजों में पढ़ने वाले प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को एकमुश्त 30 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं स्वामी विवेकानंद मेरिट स्कॉलरशिप का दायरा बढ़ाते हुए दुनिया के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों की पूरी ट्यूशन फीस और स्वास्थ्य बीमा देने की घोषणा की गई है।

मंत्री ने कहा कि खेल, शिक्षा और रोजगार पर केंद्रित यह बजट पश्चिम बंगाल में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, युवाओं को अवसर देने और राज्य के समग्र विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता