home page

लायन सफारी का इंतज़ार जारी, बंगाल सफारी में अधूरी उम्मीदों के साथ लौट रहे पर्यटक

 | 
लायन सफारी का इंतज़ार जारी, बंगाल सफारी में अधूरी उम्मीदों के साथ लौट रहे पर्यटक


सिलीगुड़ी, 26 मार्च (हि. स.)। सिलीगुड़ी के बंगाल सफारी में लायन सफारी को लेकर पर्यटकों में भारी उत्साह है, लेकिन प्रशासनिक अड़चनों के कारण यह अब तक शुरू नहीं हो पाया है।

पर्यटक बाघ, भालू और गैंडे जैसे वन्यजीवों को देखने के लिए सालभर बंगाल सफारी पहुंचते हैं, लेकिन पिछले कुछ महीनों से सबसे बड़ा आकर्षण प्रस्तावित लायन सफारी बना हुआ है। इसके बावजूद सफारी शुरू न होने से पर्यटकों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।

मिली

जानकारी के मुताबिक, लायन सफारी के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और एनक्लोजर पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन सेंट्रल जू अथॉरिटी की अंतिम मंजूरी अभी तक नहीं मिली है। नियमों के तहत नए जानवर लाने या सफारी शुरू करने से पहले इस केंद्रीय संस्था की अनुमति अनिवार्य होती है।

बंगाल सफारी के निदेशक विजय कुमार ने बताया कि सफारी की आकर्षण बढ़ाने के लिए नए जानवर लाने का प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन फिलहाल मंजूरी का इंतजार है। इस समय पहाड़ और डुआर्स क्षेत्र में पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ है। कई लोग लायन सफारी की उम्मीद में यहां आ रहे है, लेकिन उन्हें केवल एनक्लोजर से ही शेर देखना पड़ रहा है।

वहीं, पर्यटकों ने कहा कि हम कई महीनों से लायन सफारी के बारे में सुन रहे थे। लगा था कि शुरू हो चुका होगा, लेकिन यहां आकर पता चला कि अभी चालू नहीं हुआ है, जिससे निराशा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार