home page

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मेदिनीपुर में विविध आयोजन

 | 
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मेदिनीपुर में विविध आयोजन


डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मेदिनीपुर में विविध आयोजन


डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मेदिनीपुर में विविध आयोजन


मेदिनीपुर, 06 जुलाई (हि. स.)। महान शिक्षाविद, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, राजनीतिज्ञ तथा भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती सोमवार को पश्चिम एवं पूर्व मेदिनीपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धा, सम्मान और विविध सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाई गई। खड़गपुर, नारायणगढ़, बेलदा सहित जिले के अनेक विद्यालयों, अस्पतालों, प्रशासनिक कार्यालयों तथा सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

खड़गपुर के तालबागीचा स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंच युवा संघ क्लब की ओर से जयंती के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंत्री अमियो किस्कू उपस्थित रहे और आयोजकों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है तथा इससे अनेक जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है।

हिजली स्थित आईआईटी खड़गपुर प्रायोजित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, अधिकारियों एवं अतिथियों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किए। इस अवसर पर उनके शिक्षा, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए समाजसेवा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संकल्प दोहराया गया।

खड़गपुर के मालंच क्षेत्र स्थित भाजपा कार्यालय में भी डॉ. मुखर्जी की जयंती गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्रवादी विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

पूर्व मेदिनीपुर जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी कार्यालय से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी का शुभारंभ जिलाधिकारी निरंजन कुमार ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिलाधिकारी (सामान्य) तानिया परवीन सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पश्चिम मेदिनीपुर के नारायणगढ़ ब्लॉक अंतर्गत हांदला राजगढ़ स्थित नारायणगढ़ राज प्राथमिक विद्यालय में आयोजित समारोह में नारायणगढ़ के विधायक रमाप्रसाद गिरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में समाजसेवी प्रद्युत भुइयां सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण के बाद विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए तथा उनके जीवन और विचारों पर चर्चा आयोजित की गई।

बेलदा क्षेत्र के देउली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी डॉ. मुखर्जी की जयंती मनाई। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए शिक्षा, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया तथा संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

खड़गपुर बंगला स्कूल आर्य विद्यापीठ प्राइमरी स्कूल में सप्ताहभर चले कार्यक्रमों का समापन जयंती समारोह के साथ हुआ। विद्यालय की शिक्षिका मौसुमी दास, अरिंदम भुइयां सहित अन्य शिक्षकों की उपस्थिति में लगभग 150 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। छात्राओं ने 'आमार पश्चिम बंग' गीत प्रस्तुत किया, जबकि द्वितीय कक्षा की छात्रा अदिति सामंत ने डॉ. मुखर्जी के जीवन पर वक्तव्य दिया। इसके साथ ही सप्ताहभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन 'वंदे मातरम्' और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इसी प्रकार खड़गपुर के ऐतिहासिक हितकारिणी हिंदी हाई स्कूल में भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विद्यालय के सहायक प्रधानाध्यापक उमेश चंद्र सिंह, शिक्षक अश्विनी कुमार लाल, पिंटू बाउरी, वी. कल्याण सहित अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के समक्ष डॉ. मुखर्जी के शिक्षा दर्शन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता