पश्चिम बंगाल में आज भी बारिश के आसार, कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने के आसार
कोलकाता, 12 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
कोलकाता और आसपास के इलाकों में आज बादल छाए रहने तथा हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। अलीपुर स्थित मौसम विभाग के अनुसार कोलकाता में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल में पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और बांकुड़ा समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उत्तर बंगाल में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि दार्जिलिंग, कलिम्पोंग सहित अन्य जिलों में भी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य में बादल और बारिश का प्रभाव बना रह सकता है। बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम संबंधी ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

