home page

बंगाल में आज भी बारिश का दौर जारी, कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवा का अलर्ट

 | 
बंगाल में आज भी बारिश का दौर जारी, कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवा का अलर्ट


कोलकाता, 11 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल मानसून लगातार सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने निम्न दबाव और मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।

दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और दक्षिण 24 परगना में मौसम अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्व मेदिनीपुर तटीय क्षेत्रों और दक्षिण 24 परगना में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की संभावना जताई गई है।

कोलकाता और आसपास के इलाकों में दिनभर आसमान सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना है। कहीं -कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आईएमडी के अनुसार, कोलकाता में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है।

उत्तर बंगाल में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार सहित कई इलाकों में बारिश हो सकती है। आईएमडी ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए 11 से 13 सितंबर तक भारी बारिश तथा गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार 12 सितंबर को भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। इसके बाद बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। समुद्र तटीय इलाकों में मौसम खराब रहने के कारण मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता