home page

पश्चिम बंगाल में सक्रिय मानसून, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

 | 
पश्चिम बंगाल में सक्रिय मानसून, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी


कोलकाता, 28 जुलाई (हि. स.)। पूरे पश्चिम बंगाल में मंगलवार को मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में हल्की से मध्यम वर्षा, मेघगर्जन तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। दक्षिण बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया तथा आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा का अनुमान है। तटीय जिलों पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना सहित कुछ क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवा चल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता 85 से 94 प्रतिशत के बीच रहने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।

दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, नदिया तथा आसपास के जिलों में दिनभर बादल छाए रहने तथा दोपहर बाद या शाम के समय मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में भी वर्षा का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

उधर, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कोलकाता में मंगलवार को अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रहेंगे तथा बीच-बीच में वर्षा और मेघगर्जन की स्थिति बनी रह सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता