home page

उत्तर बंगाल में भारी बारिश, दक्षिण में भी अलर्ट जारी

 | 
उत्तर बंगाल में भारी बारिश, दक्षिण में भी अलर्ट जारी


कोलकाता, 23 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग ने मंगलवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान कोलकाता और आसपास के इलाकों में आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। इस दौरान हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। सोमवार सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे तक कोलकाता में केवल 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मंगलवार को बादल छाए रहने और हल्की बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है, लेकिन हवा में नमी अधिक रहने से उमस भरी स्थिति बनी रह सकती है।

मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसके कारण तापमान में कुछ कमी आएगी, लेकिन लोगों को उमस से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

पूर्व और पश्चिम बर्धमान, नदिया, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों के एक-दो स्थानों पर तेज आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

उत्तर बंगाल में स्थिति गंभीर उधर उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। विशेष रूप से डुआर्स और पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। लगातार बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता