चुनाव 2026 : बंगाल में मतदान से पहले तनाव, झाड़ग्राम में तृणमूल नेता पर हमला
कोलकाता, 23 अप्रैल (हि. स.)। पहले चरण के मतदान से पहले पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तनाव की स्थिति देखने को मिली। झाड़ग्राम जिले के गोपीबल्लभपुर में तृणमूल कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष रवींद्रनाथ बाला पर हमले का आरोप लगा है। गुरुवार सुबह कई जिलों के मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायतें भी सामने आईं।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात गोपीबल्लभपुर में मोटरसाइकिल से गुजर रहे कुछ लोगों पर एक पिल्ले को कुचलने का आरोप लगा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां बूथ अध्यक्ष रवींद्रनाथ बाला मौजूद थे।
तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी समर्थकों ने लाठी और डंडों से रवींद्रनाथ बाला की पिटाई की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत गोपीबल्लभपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि भाजपा नेतृत्व ने हमले के आरोपों से इनकार किया है।
इसी बीच मतदान शुरू होने के साथ कई जिलों से ईवीएम खराबी की शिकायतें भी सामने आईं। मुर्शिदाबाद, मालदा, कांथी और अलीपुरद्वार के कुछ मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय पर मतदान शुरू नहीं हो सका।
मुर्शिदाबाद के कांदी ब्लॉक के कुमारसांदा क्षेत्र स्थित 19 नंबर बूथ पर ईवीएम खराब होने के कारण सुबह सात बजे मतदान शुरू नहीं हो पाया। मालदा के चांचल क्षेत्र के 211 नंबर बूथ पर भी मशीन खराब होने की शिकायत दर्ज की गई। अलीपुरद्वार के कालचीनी क्षेत्र के मेंदाबाड़ी इलाके के 205 नंबर बूथ पर भी ईवीएम बदलने के बाद मतदान शुरू कराया गया।
कूचबिहार जिले के शीतलकुची क्षेत्र में भी तनाव की खबर सामने आई है। आरोप है कि 148 नंबर बूथ पर मतदान के लिए जा रहे स्थानीय लोगों को कुछ भाजपा समर्थकों ने रास्ते में रोकने का प्रयास किया। हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज किया है।
पहले चरण में राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। चुनाव आयोग ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की व्यापक तैनाती की है। आयोग ने कहा है कि सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

