विस चुनाव 2026: बंगाल चुनाव में तेज हुआ प्रचार अभियान
कोलकाता, 20 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने जोरकदमी के साथ प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। प्रार्थीतालिका घोषित होने के बाद विभिन्न दलों के उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं और अलग-अलग तरीकों से जनसंपर्क कर रहे हैं।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के पूर्व पांशकुड़ा विधानसभा क्षेत्र में माकपा उम्मीदवार इब्राहिम अली ने शुक्रवार सुबह से ही प्रचार शुरू किया। सुबह कोलाघाट रेलवे स्टेशन और स्थानीय फूल बाजार में उन्होंने आम लोगों के साथ सीधे संवाद किया। इस दौरान व्यापारी, श्रमिक और नित्य यात्रियों के बीच जाकर उन्होंने अपनी और पार्टी की बात रखी। साथ ही स्थानीय समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।
इब्राहिम अली ने आरोप लगाया कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच गंठजोड़ चल रही है, जिसके कारण आम लोग वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को सामने रखकर वह प्रचार कर रहे हैं और वास्तविक विकास तथा पारदर्शी प्रशासन के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं, उत्तर 24 परगना जिले में भाजपा ने धार्मिक आस्था के साथ अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की। शुक्रवार सुबह नोआपाड़ा विधानसभा केंद्र से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह और बीजपुर विधानसभा केंद्र से भाजपा उम्मीदवार सुदीप्त दास ने एक साथ हाली शहर के काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर पहुंचकर दोनों उम्मीदवारों ने देवी की आराधना की और क्षेत्र की शांति व विकास की कामना की।
पूजा के बाद मंदिर परिसर में उपस्थित आम लोगों से बातचीत कर उन्होंने आगामी चुनाव में समर्थन की अपील की। अर्जुन सिंह ने कहा कि वे लोगों का आशीर्वाद लेकर प्रचार शुरू कर रहे हैं और आम जनता के हित में काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं, सुदीप्त दास ने भी क्षेत्र के विकास, रोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने को प्राथमिकता बताते हुए चुनाव लड़ने की बात कही।
मंदिर में पूजा के बाद दोनों उम्मीदवारों ने इलाके में जनसंपर्क कार्यक्रम भी चलाया।
उल्लेखनीय है कि राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दल पूरी ताकत से मैदान में उतर चुके हैं और प्रचार अभियान लगातार तेज हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

