पश्चिम बंगाल में 108 पुलिस निरीक्षकों के तबादले
कोलकाता, 03 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जनहित को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। सक्षम प्राधिकारी के निर्देश पर राज्य पुलिस के 108 पुलिस निरीक्षकों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। इस संबंध में शुक्रवार पश्चिम बंगाल पुलिस मुख्यालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया।
कानून एवं व्यवस्था के महानिदेशक और महानिरीक्षक, जो फिलहाल पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं, उनके हस्ताक्षर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तुरंत नई तैनाती वाली जगह पर कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत राज्य के कई महत्वपूर्ण थानों के प्रभारी अधिकारियों और विभिन्न विभागों जैसे जिला खुफिया शाखा, अपराध अन्वेषण विभाग तथा यातायात शाखा के अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची में पूर्व मेदिनीपुर जिला खुफिया शाखा में तैनात चंद्रशेखर घोषाल को दीघा थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। कमतन राय को दीघा थाना से हटाकर पूर्व मेदिनीपुर जिला खुफिया शाखा भेजा गया है।
देबाशीष सरकार को कांथी थाना से हटाकर पूर्व मेदिनीपुर का यातायात निरीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि मनोज कुमार झा को कांथी थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। पवित्र कुमार गांगुली को तमलुक थाना से कांथी का सर्किल इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं बिप्लव कुमार पति को तमलुक थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खड़गपुर टाउन थाना में अमित कुमार मित्रा को नया प्रभारी बनाया गया है। उदयन शंकर घोष को झाड़ग्राम थाना का नया इंस्पेक्टर इंचार्ज नियुक्त किया गया है, जबकि कौशिक कुमार साव को वहां से हटाकर यातायात मुख्यालय भेजा गया है।
इसके अलावा बारासात, कल्याणी, आरामबाग, सूती, चापड़ा, रायगंज और कटवा समेत कई संवेदनशील इलाकों के थानों और खुफिया विभागों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार यह फैसला प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने और सार्वजनिक सेवा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों, पुलिस आयुक्तों और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को आदेश की प्रति भेजते हुए स्थानांतरण प्रक्रिया तत्काल पूरी करने को कहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

