पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय, आज वज्रपात सहित बारिश के आसार
कोलकाता, 03 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सोमवार को मानसूनी गतिविधियां तेज रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी कोलकाता सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहेंगे। अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को आवश्यक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा में आर्द्रता 78 से 85 प्रतिशत रहने से उमस बनी रहेगी। दक्षिण दिशा से सात से आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिन के समय गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना 65 प्रतिशत से अधिक बनी हुई है, जबकि शाम और रात में भी कई स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है।
दक्षिण बंगाल के उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, नदिया, बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों में बादल छाए रहने तथा अनेक स्थानों पर वर्षा का पूर्वानुमान है। पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर तथा दीघा सहित तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में वज्रपात की आशंका को देखते हुए खेतों और खुले स्थानों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी गई है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर तथा मालदा जिलों में भी दिनभर बादल छाए रहने और अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। प्रशासन ने निचले इलाकों में जलजमाव की आशंका के मद्देनजर सतर्कता बरतने को कहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों तक पूरे पश्चिम बंगाल में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय बनी रहेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

