उत्तर बंगाल में भारी वर्षा का अलर्ट, दक्षिण में छिटपुट बारिश संभव
कोलकाता, 19 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में रविवार को मानसून सक्रिय रहने के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है, जबकि दक्षिण बंगाल के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार वर्षा के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन तथा निचले इलाकों में जलभराव की आशंका व्यक्त की गई है।
दक्षिण बंगाल में कोलकाता सहित हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम तथा अन्य जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा होने का पूर्वानुमान है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया है कि कुछ स्थानों पर 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा भी चल सकती है। प्रशासन ने लोगों से विशेषकर पर्वतीय तथा नदी तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है। उत्तर बंगाल के संवेदनशील इलाकों में स्थानीय प्रशासन को निगरानी बढ़ाने तथा संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

