home page

बंगाल में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान

 | 
बंगाल में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान


कोलकाता, 18 जुलाई (हि.स.)।पश्चिम बंगाल मानसून की सक्रियता निरंतर बनी हुई है। मौसम विज्ञानिको के अनुसार शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। हवा में नमी का स्तर अधिक रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

दक्षिण बंगाल के तटीय और उससे सटे जिलों में मानसूनी गतिविधियां अधिक प्रभावी रहने की संभावना है। दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम के कुछ क्षेत्रों में 70 से 110 मिलीमीटर तक भारी वर्षा हो सकती है। इसे देखते हुए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तथा मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

महानगर कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर गरज के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 32 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वर्षा के बावजूद अधिक आर्द्रता के कारण उमस बनी रह सकती है।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में भी हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन सतर्क है।

मौसम विभाग ने आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में वज्रपात की आशंका भी व्यक्त की है तथा लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता