home page

हल्दिया में 98 एकड़ जमीन पर पेप्सी का कारखाना, हरिणघाटा में कैंपा कोला प्लांट

 | 
हल्दिया में 98 एकड़ जमीन पर पेप्सी का कारखाना, हरिणघाटा में कैंपा कोला प्लांट


कोलकाता, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ी घोषणा हुई है। दुर्गापूजा के बाद राज्य में कैंपा कोला का कारखाना स्थापित होने जा रहा है। रिलायंस समूह नदिया जिले के कल्याणी स्थित हरिणघाटा में यह कारखाना लगाएगा। आगामी 28 अक्टूबर, बुधवार को इसकी आधारशिला रखी जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को चतुर्थी के अवसर पर हल्दिया से इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि हल्दिया में भी दो और कारखाने स्थापित किए जाएंगे। इनमें से एक 98 एकड़ जमीन पर पेप्सी का कारखाना होगा, जबकि दूसरे में 50 एकड़ जमीन पर चिकित्सा संबंधी उपकरणों का निर्माण किया जाएगा।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के पीछे औद्योगिक विकास की कमी भी एक प्रमुख कारण रही थी। भाजपा ने अपने चुनावी वादों में बंगाल के खोए हुए औद्योगिक गौरव को वापस लाने का आश्वासन दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार इसी लक्ष्य को लेकर काम कर रही है। इससे पहले लक्स कोजी के नए कारखाने और अमूल की फैक्टरी स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पूर्व मेदिनीपुर जिले के दादनपात्रबाड़ में एक गहरे समुद्र के बंदरगाह का निर्माण किया जाएगा। राज्य में निवेश लाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी जैसे उद्योगपतियों के साथ बैठक कर चुके हैं। न्यूटाउन में अडानी समूह अस्पताल का निर्माण कर रहा है। अब मुख्यमंत्री ने हरिणघाटा में कैंपा कोला का कारखाना स्थापित किए जाने की घोषणा की है। वहीं, हल्दिया में पेप्सी निवेश करेगी।

उल्लेखनीय है कि चतुर्थी के दिन बंगाल में औद्योगिक क्षेत्र में नए निवेश की घोषणा हुई। हल्दी नदी के तट पर छह हजार करोड़ रुपये के निवेश से नया फिनॉल संयंत्र स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को हल्दिया में इस नए फिनॉल संयंत्र का उद्घाटन किया। फिनॉल और एसीटोन के उत्पादन के लिए यह संयंत्र हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहयोगी कंपनी एडपरमा प्राइवेट लिमिटेड ने स्थापित किया है।

इस निवेश से हल्दिया में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। जानकारों का मानना है कि हल्दिया एक बार फिर रोजगार और औद्योगिक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा। मुख्यमंत्री ने हल्दिया में श्रमिकों की सुविधा के लिए जून 2027 में ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन किए जाने की भी घोषणा की। इसी अवसर पर उन्होंने हल्दिया में दो और औद्योगिक संयंत्र स्थापित किए जाने की जानकारी दी। इनमें एक संयंत्र में पेप्सी निवेश करेगी, जबकि दूसरे में चिकित्सा संबंधी उपकरणों का निर्माण होगा। इसके साथ ही नदिया जिले के हरिणघाटा में कैंपा कोला का कारखाना स्थापित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता