home page

पश्चिम बंगाल में सक्रिय मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान

 | 
पश्चिम बंगाल में सक्रिय मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान


कोलकाता, 8 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय है। मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी वर्षा के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती है। आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

कोलकाता में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ भारी बारिश हो सकती है। हावड़ा और हुगली में भी बारिश के साथ गरज-चमक होने तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।

उत्तर 24 परगना में व्यापक वर्षा के साथ गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है। दक्षिण 24 परगना में भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान है। कुछ स्थानों पर सात से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है।

पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में भी भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। दोनों जिलों में कुछ स्थानों पर सात से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवा चलने की संभावना है।

पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चल सकती है।

उत्तर बंगाल में भी मानसूनी गतिविधि बनी रहेगी। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में बारिश की तीव्रता अधिक रह सकती है। उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट और उससे लगे समुद्री क्षेत्र में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने तथा झोंकों की गति 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई है। मछुआरों को आठ अगस्त तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। कोलकाता और हल्दिया बंदरगाह के लिए स्थानीय सावधानी संकेत संख्या-तीन जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता