home page

पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

 | 
पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी


कोलकाता, 04 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसून के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई जिलों के लिए भारी वर्षा, तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी कोलकाता सहित हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और पुरुलिया में मध्यम से भारी वर्षा हो रही है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश जारी रहने की संभावना है। लगातार वर्षा के कारण कोलकाता और आसपास के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में भी मूसलाधार बारिश जारी है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तीस्ता, तोरसा और जलढाका नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है, जबकि दक्षिण बंगाल में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। तटीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना के मद्देनजर मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी संबंधित जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता