जनता के समक्ष कार्य विवरण रखने हेतु श्वेतपत्र प्रकाशित करेगी राज्य सरकार
कोलकाता, 09 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल ने राज्य सरकार के कार्यों का विवरण जनता के समक्ष रखने के लिए श्वेतपत्र प्रकाशित करने का निर्णय लिया है। गुरुवार को नवान्न में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। श्वेतपत्र समिति के अध्यक्ष के रूप में वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता को नियुक्त किया गया है।
विधानसभा के बजट सत्र में उत्तर भाषण के दौरान वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने श्वेतपत्र प्रकाशित करने की घोषणा की थी। गुरुवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बताया कि समिति में कुल पांच सदस्य होंगे तथा इसकी अध्यक्षता स्वपन दासगुप्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य में नए निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से एक अलग समिति का भी गठन किया गया है। इस समिति के अध्यक्ष उद्योग मंत्री तापस राय होंगे।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार से विभिन्न क्षेत्रों में हुए निवेश, निवेश की मात्रा तथा उससे प्राप्त रोजगार संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग बार-बार की गई थी, लेकिन उस समय यह जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जनता को यह बताना चाहती है कि राज्य में कितना निवेश आया, किन-किन क्षेत्रों में निवेश हो रहा है तथा उससे कितने युवाओं को रोजगार मिल रहा है। इसी उद्देश्य से श्वेतपत्र प्रकाशित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के कार्यकाल में विभिन्न विभागों में हुई कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की भी जांच की जाएगी। किस विभाग में क्या अनियमितता हुई तथा उसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी समीक्षा कर राज्य सरकार बाद में श्वेतपत्र जारी करेगी।
मंत्रिमंडल की बैठक में समान नागरिक संहिता पर भी चर्चा हुई। अग्निमित्रा पाल ने बताया कि मंत्रियों को इस विषय पर विस्तृत जानकारी दी गई है तथा चार सप्ताह के भीतर इसका प्रारूप तैयार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

