हावड़ा-बर्धमान कॉर्ड लाइन पर कंचनजंघा एक्सप्रेस में धुआं, यात्रियों में हड़कंप
हुगली, 17 सितंबर (हि. स.)। हुगली में उत्तर बंगाल जा रही अप कंचनजंघा एक्सप्रेस (13173) में गुरुवार सुबह अचानक धुआं निकलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के एक कोच के नीचे से धुआं निकलता देख चालक ने एहतियातन ट्रेन को बेलमुड़ी स्टेशन के पास रोक दिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, सियालदह से उत्तर बंगाल जा रही 13173 अप कंचनजंघा एक्सप्रेस हावड़ा-बर्धमान कॉर्ड लाइन से गुजर रही थी। बेलमुड़ी स्टेशन के पास पहुंचते ही एक कोच के नीचे से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद यात्रियों में दहशत फैल गई और कई यात्री ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म पर आ गए।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पहिए के ब्रेक शू में घर्षण के कारण धुआं निकला। घटना की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी गई। सूचना पाकर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की और समस्या का समाधान किया। करीब 20 मिनट बाद सुबह आठ बजकर 22 मिनट पर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
गौरतलब है कि 17 जून 2024 को सियालदह जा रही कंचनजंघा एक्सप्रेस को दार्जिलिंग के रंगापानी के पास एक मालगाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी थी। उस हादसे में कई लोगों की मौत हुई थी और बड़ी संख्या में यात्री घायल हुए थे। जांच में सिग्नलिंग व्यवस्था से जुड़ी खामियां सामने आई थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

