ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप, तृणमूल उम्मीदवारों की कोर्ट जाने की चेतावनी
कोलकाता, 04 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव के आसार के बीच तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों ने ईवीएम में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए अदालत जाने की चेतावनी दी है। हल्दिया और रामनगर से तृणमूल उम्मीदवारों ने दावा किया है कि मतदान मशीनों में छेड़छाड़ हुई है।
हल्दिया से तृणमूल उम्मीदवार तापसी मंडल ने आरोप लगाया कि मतदान के बाद भी ईवीएम की बैटरी 90 प्रतिशत से अधिक चार्ज दिखा रही है, जो सामान्य नहीं है। उनका कहना है कि सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होने के बाद मशीन की बैटरी इतनी अधिक नहीं रह सकती। उन्होंने दावा किया कि इससे स्पष्ट होता है कि ईवीएम पहले से “सेट” की गई थी और पूरे मामले में गड़बड़ी हुई है।
तापसी मंडल ने कहा कि इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब जनता के जनादेश को वापस पाने के लिए वे अदालत का रुख करेंगी और न्यायिक जांच की मांग करेंगी।
इसी तरह रामनगर से तृणमूल उम्मीदवार अखिल गिरी ने भी ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 23 तारीख को मतदान होने के बावजूद मशीनों में 92 प्रतिशत तक चार्ज कैसे रह सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि रिटर्निंग अधिकारी को शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अखिल गिरी मतगणना के बीच ही केंद्र से बाहर निकल आए और विरोध में धरने पर बैठ गए। उन्होंने भी चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
हालांकि खबर लिखे जाने तक ईवीएम में गड़बड़ी के आरोपों पर निर्वाचन आयोग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

