पश्चिम बंगाल में बदलाव दिख रहा है : दिलीप घोष
खड़गपुर, 20 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में इस बार बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। यह दावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता दिलीप घोष ने किया। सोमवार सुबह खड़गपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए खड़गपुर सदर से भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष ने कहा कि लोग अब खुलकर विरोध कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और परिवर्तन निश्चित रूप से दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार चुनावी सभाएं कीं और वे उत्तर बंगाल से लेकर दक्षिण बंगाल तक लगातार प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में क्या हो रहा है, इसकी पूरी जानकारी प्रधानमंत्री को है।
तृणमूल कांग्रेस की आलोचना करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि चुनाव आते ही तृणमूल को कर्मचारियों, महिलाओं और युवाओं की याद आती है। यहां कर्मचारी उत्पीड़न का शिकार होते हैं। आई-पैक का यहां होना उचित नहीं है, इससे राज्य की राजनीति में भ्रष्टाचार बढ़ता है। आई-पैक भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर पैसे कमाने का एक माध्यम बन गया है।
ईडी की कार्रवाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय पिछले एक वर्ष से काम कर रहा है। जहां-जहां देश में भ्रष्टाचार अधिक है, वहां जांच चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामले में बंगाल भी शीर्ष स्तर पर है जिसमें कई राजनेता तथा कारोबारी शामिल हैं। इसलिए जांच जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

