भाजपा ने तृणमूल और ममता सरकार पर साधा निशाना, कानून-व्यवस्था व डीए मुद्दे उठाए
कोलकाता, 17 मार्च (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व आईपीएस अधिकारी भारती घोष ने मंगलवार को साल्ट लेक स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर राज्य की मौजूदा स्थिति को लेकर कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला।
घोष ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी भड़काऊ और समाज को विभाजित करने वाले बयान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं की टिप्पणियां बंगाली संस्कृति और परंपरा का अपमान करती हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी हुई है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घोष ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इन मामलों को गंभीरता से नहीं ले रही है।
डीए (महंगाई भत्ता) के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों को उनका बकाया देने से बचने के लिए अदालत तक गई, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने कर्मचारियों के पक्ष में फैसला दिया था।
घोष ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ा है और उद्योगों के पलायन से रोजगार के अवसर कम हुए हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के लिए राज्य से बाहर जाना पड़ रहा है।
चुनाव आयोग की कार्रवाई का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के तबादले किए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने के कारण हटाया गया है। राज्य के लोग मौजूदा शासन से असंतुष्ट हैं और आगामी चुनाव में बदलाव चाहते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

