home page

आसनसोल में भाजपा का लाभार्थी संपर्क अभियान

 | 
आसनसोल में भाजपा का लाभार्थी संपर्क अभियान


पश्चिम बर्दवान, 08 अगस्त (हि. स.)। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से आसनसोल में भाजपा की ओर से ‘लाभार्थी संपर्क अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों ने मंच से कार्यकर्ताओं को आम लोगों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देने तथा उनके लाभ को लेकर संवाद करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मंच से वक्ताओं ने कहा कि जनता ने बदलाव के उद्देश्य से जो निर्णय लिया है, उसकी जिम्मेदारी अब भाजपा के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की है। कार्यकर्ताओं को आम लोगों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखना होगा और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान के लिए प्रयास करना होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर लाभार्थियों से संपर्क करें और यह सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है।

जामुड़िया के विधायक विजन मुखर्जी ने भी कार्यकर्ताओं से आम लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील की। वहीं, बाराबनी के विधायक अरिजीत राय ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों से सीधा संवाद संगठन को और मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और सरकार की योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों से संपर्क कर उन्हें योजनाओं की जानकारी देनी चाहिए तथा यह भी देखना चाहिए कि कोई भी योग्य व्यक्ति सरकारी सुविधा से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी आम लोगों के बीच संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार जनसंपर्क जरूरी है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी बात सुननी होगी और उनकी समस्याओं को उचित स्तर तक पहुंचाने का काम करना होगा।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने ‘सेवा, संपर्क और सुशासन’ के संदेश के साथ कार्यकर्ताओं से सक्रिय रूप से अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं की जानकारी और उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम में भाजपा के विभिन्न स्तर के नेता, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे। मौके पर राजस्थान के खांडल विधानसभा क्षेत्र के विधायक जितेंद्र कुमार जोतवाल भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि जितेंद्र कुमार जोतवाल ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में कार्य किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा