home page

बेलूर स्थित अंबिका जूट मिल में भयावह आग, दो घंटे बाद पाया गया नियंत्रण

 | 
बेलूर स्थित अंबिका जूट मिल में भयावह आग, दो घंटे बाद पाया गया नियंत्रण


हावड़ा, 05 अगस्त (हि. स.)। जिले के बेलूर थाना क्षेत्र स्थित अंबिका जूट मिल में बुधवार सुबह भयावह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जूट मिल के कटिंग अनुभाग से अचानक धुआं उठता देख श्रमिकों ने इसकी सूचना प्रबंधन और दमकल विभाग को दी। सूचना पाकर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने तथा क्षेत्र घनी आबादी वाला होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।

आग की सूचना फैलते ही आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस भी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग को मिल के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए।

प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य किसी कारण से आग लगी, इसकी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता