home page

पूर्व तृणमूल पार्षद अलकानंदा दास के घर जांच आयोग का छापा, आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की पड़ताल

 | 
पूर्व तृणमूल पार्षद अलकानंदा दास के घर जांच आयोग का छापा, आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की पड़ताल


कोलकाता, 5 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में संस्थागत भ्रष्टाचार के मामलों की जांच कर रहे जांच आयोग ने शनिवार को बेलेघाटा में कोलकाता नगर निगम की पूर्व तृणमूल पार्षद अलकानंदा दास के घर पर छापेमारी की। सेवानिवृत्त न्यायाधीश विश्वजीत बसु के नेतृत्व में आयोग की एक टीम शनिवार दोपहर अलकानंदा दास के आवास पर पहुंची। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप हैं।

आयोग के अधिकारियों का मुख्य फोकस अलकानंदा दास की संपत्तियों के स्रोत और उनके निर्माण में भ्रष्टाचार से जुड़े धन के इस्तेमाल की जांच पर है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उनकी संपत्ति का वास्तविक स्रोत क्या है और क्या उसका किसी भ्रष्टाचार से संबंध है।

अलकानंदा दास कोलकाता नगर निगम के 34 नंबर वार्ड से पार्षद रह चुकी हैं। शनिवार की कार्रवाई को उनकी आय से अधिक संपत्ति की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।

इससे पहले जांच आयोग ने कोलकाता के पूर्व मेयर और पूर्व मंत्री फिरहाद हकीम से जुड़ी न्यू अलीपुर स्थित दो कंपनियों के कार्यालयों में भी अभियान चलाया था। आयोग के अधिकारी टॉलीगंज सर्कुलर रोड स्थित ‘हकीम पॉलीमेकर’ और ‘हकीम केमिकल्स’ के दफ्तर पहुंचे थे। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना था कि इन कारोबारी संस्थाओं का भ्रष्टाचार से कोई संबंध है या नहीं।

तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर संस्थागत भ्रष्टाचार को लेकर लगातार आरोप लगते रहे थे। सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार ने इन आरोपों की जांच के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक नया जांच आयोग गठित किया है। पिछले कुछ समय में तृणमूल नेताओं और नगर निगम के कई पूर्व पार्षदों के खिलाफ विभिन्न आरोप सामने आए हैं। कई मामलों में पुलिस कार्रवाई भी हुई है। अब जांच आयोग की नजर बेलेघाटा की पूर्व पार्षद अलकानंदा दास की कथित संपत्तियों पर है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर