सड़क हादसे में युवक की मौत, दो घायल
पश्चिम मेदिनीपुर, 16 जून (हि. स.)। जिले के दांतन इलाके में मंगलवार सुबह सड़क हादसे में बेलदा के एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतक का नाम तन्मय दास (18) है। वह बेलदा थाना अंतर्गत चाटला गांव का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, तीन दोस्त मंगलवार सुबह मोटरसाइकिल से दांतन गए थे। वहां से एक अन्य मित्र को लेकर लौटते समय घोलाई क्षेत्र में खड़गपुर-बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 16 पर उनकी बाइक की सामने से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तन्मय की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर दांतन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को दांतन ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

