सड़क सुरक्षा सप्ताह पर पुलिस और विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
मेदिनीपुर, 03 अगस्त (हि. स.)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा थाना की ओर से सोमवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह-2026 के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम का आयोजन पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस के निर्देश पर किया गया।
रैली में बेलदा प्रभाती बालिका विद्यालय तथा बेलदा गंगाधर अकादमी के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश लिखे पोस्टर और तख्तियां हाथों में लेकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान बिना हेलमेट वाहन न चलाएं तथा नियमों का पालन करें, सुरक्षित घर लौटें जैसे संदेशों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया गया। रैली ने बेलदा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया।
कार्यक्रम में विद्यालयों के शिक्षक, बेलदा थाना के पुलिस अधिकारी तथा सिविक वालंटियर भी उपस्थित रहे। इस दौरान राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने की अपील की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

