home page

बेलदा में रविंद्र नाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, गीतांजलि पल्ली को मान्यता की मांग उठी

 | 

पश्चिम मेदिनीपुर, 8 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा में शनिवार को विश्वकवि रवीन्द्रनाथ ठाकुर की 85वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। बेलदा-केशीयाड़ी मोड़ से सटे गीतांजलि पल्ली में रवीन्द्रनाथ ठाकुर की प्रतिमा के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने श्रद्धा और सम्मान के साथ उन्हें याद किया।

बेलदा रवीन्द्र प्रतिमा स्थापना एवं संरक्षण समिति की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के विशिष्ट लोगों ने रवीन्द्रनाथ ठाकुर के चित्र और प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद रवीन्द्रनाथ के जीवन, साहित्य, दर्शन और सामाजिक चिंतन पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में नारायणगढ़ के विधायक रमाप्रसाद गिरि, बेलदा-दो ग्राम पंचायत के उपप्रधान गौरीशंकर अधिकारी सहित क्षेत्र के समाजसेवी, साहित्य एवं संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बेलदा रवीन्द्र प्रतिमा स्थापना एवं संरक्षण समिति की ओर से स्थानीय प्रशासन के समक्ष दो प्रमुख मांगें रखी गईं। समिति ने क्षेत्र को सरकारी तौर पर ‘गीतांजलि पल्ली’ के रूप में मान्यता देने तथा स्थानीय स्तर पर साहित्य और संस्कृति के विकास के लिए स्थायी ‘गीतांजलि सामुदायिक कक्ष’ बनाने की मांग की।

विधायक रमाप्रसाद गिरि और पंचायत प्रशासन के प्रतिनिधियों ने समिति की मांगों का समर्थन करते हुए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्र को चिह्नित करने और स्थायी सामुदायिक कक्ष के निर्माण के प्रस्ताव पर प्रशासनिक स्तर पर विचार करने की बात कही।

आयोजकों ने उम्मीद जताई कि रवीन्द्रनाथ ठाकुर की स्मृति से जुड़े इस क्षेत्र में साहित्य और संस्कृति के विकास के लिए स्थायी मंच तैयार होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता