तृणमूल उम्मीदवार ने धार्मिक आस्था के सहारे की चुनाव प्रचार की शुरुआत
पश्चिम मेदिनीपुर, 24 मार्च (हि. स.)। जिले के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार प्रतिभा रानी माइती ने मंगलवार को बेलदा स्थित काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर चुनाव प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
सुबह मंदिर पहुंचकर उन्होंने मां काली की आराधना की और चुनाव में सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा। इसके बाद वह पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान पर निकल पड़ीं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समर्थन की अपील की।
राजनीतिक दृष्टिकोण से माइती का यह कदम परंपरागत आस्था के साथ-साथ मतदाताओं के भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करने की रणनीति माना जा रहा है।
प्रतिभा रानी माइती ने कहा कि मैं मां काली के आशीर्वाद और जनता के समर्थन के साथ इस चुनाव में उतरी हूं। मेरा लक्ष्य लोगों के बीच रहकर उनकी सेवा करना है।
गौरतलब है कि राज्य में चुनावी माहौल के बीच सभी राजनीतिक दल अपने-अपने तरीके से मतदाताओं को साधने में जुटे हैं, और धार्मिक स्थलों से प्रचार की शुरुआत भी इसी रणनीति का हिस्सा बनती जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

