home page

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बेलदा में हावड़ा-रूपसा विशेष ट्रेन का ठहराव

 | 
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बेलदा में हावड़ा-रूपसा विशेष ट्रेन का ठहराव


खड़गपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की सीबीटी (लेवल-एक) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दक्षिण-पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल ने हावड़ा और रूपसा के बीच तीन जोड़ी विशेष मेमू ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। मंडल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, परीक्षा अवधि में विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इनमें 08005 और 08006 संख्या की हावड़ा-रूपसा परीक्षा विशेष मेमू ट्रेन का ठहराव बेलदा स्टेशन पर भी दिया गया है।

रेलवे के इस निर्णय से बेलदा तथा आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को ओडिशा के बालेश्वर स्थित परीक्षा केंद्र तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। इससे अभ्यर्थियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, ये विशेष ट्रेनें तीन से 14 अगस्त तक निर्धारित तिथियों में संचालित होंगी। विशेष रूप से तीन, चार, पांच, छह तथा नौ से 14 अगस्त तक 08005 और 08006 संख्या की ट्रेनें चलेंगी।

08005 संख्या की हावड़ा-रूपसा परीक्षा विशेष मेमू ट्रेन सुबह 8:30 बजे हावड़ा से प्रस्थान कर दोपहर 1:00 बजे रूपसा पहुंचेगी। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की वापसी के लिए 08006 संख्या की रूपसा-हावड़ा परीक्षा विशेष मेमू ट्रेन रात 8:20 बजे रूपसा से रवाना होकर रात 1:00 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

हावड़ा और रूपसा के बीच संचालित इन विशेष ट्रेनों का ठहराव मेचेदा, पांशकुड़ा, खड़गपुर, बेलदा तथा जलेश्वर स्टेशनों पर रहेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और परीक्षार्थियों को स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन का विस्तृत समय, तिथि और ठहराव की जानकारी अवश्य जांच लेने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता