बेलदा में आठ दिवसीय पुस्तक मेले का शुभारंभ, पुस्तक प्रेमियों में उत्साह
खड़गपुर, 28 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा में बुधवार को पुस्तक प्रेमियों के उत्साह और उमंग के बीच 18वें वर्ष के पुस्तक मेले का उद्घाटन हुआ। बेलदा बुक फेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित यह मेला अगले आठ दिनों तक चलेगा।
पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाने और पढ़ने की आदत को अधिक व्यापक बनाने के उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया गया है। उद्घाटन समारोह में मुख्य उद्घाटक के रूप में स्वामी ज्ञानालोकानंद महाराज उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बेलदा पुलिस उपमंडल के अधिकारी आनंद मंडल, नारायणगढ़ पंचायत समिति की अध्यक्ष राजश्री बर मंडल, बेलदा-दो ग्राम पंचायत की प्रधान युथिका पाल प्रधान, बेलदा-दो ग्राम पंचायत के उपप्रधान गौरी शंकर अधिकारी, बेलदा प्रभाती बालिका विद्यापीठ की प्रधानाध्यापिका, शोधकर्ता एवं लेखिका डॉ. लक्ष्मीदास अट्ट तथा प्रसिद्ध चिकित्सक योगेंद्रनाथ बेरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पुस्तक मेले को लेकर बेलदा और आसपास के क्षेत्रों के पाठकों, साहित्य प्रेमियों तथा पुस्तक प्रेमियों में उत्साह देखा गया। आयोजकों को उम्मीद है कि अगले आठ दिनों तक पुस्तक मेले में उपलब्ध पुस्तकों के विभिन्न संग्रह को देखने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में पाठक पहुंचेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

