home page

बेलदा-एक ग्राम पंचायत के नए प्रधान बने भाजपा के दीपंकर गिरी

 | 
बेलदा-एक ग्राम पंचायत के नए प्रधान बने भाजपा के दीपंकर गिरी


पश्चिम मेदिनीपुर, 22 जुलाई (हि. स.)। मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ प्रखंड अंतर्गत बेलदा-एक ग्राम पंचायत में बुधवार को नए प्रधान का निर्वाचन संपन्न हुआ। सर्वसम्मति से भाजपा पंचायत सदस्य दीपंकर गिरी को ग्राम पंचायत का नया प्रधान चुना गया।

जानकारी के अनुसार, पूर्व प्रधान मुक्ति षाड़ेश्वरी ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए गत 30 जून को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद प्रखंड प्रशासन की ओर से नए प्रधान के निर्वाचन के लिए अधिसूचना जारी की गई।

बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित बैठक में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के कुल 14 पंचायत सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से दीपंकर गिरी के नाम का समर्थन किया, जिसके बाद उन्हें बेलदा-एक ग्राम पंचायत का नया प्रधान घोषित किया गया।

उल्लेखनीय है कि 16 सदस्यीय इस ग्राम पंचायत में वर्ष 2023 के पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 13 तथा भाजपा ने तीन सीटों पर विजय प्राप्त की थी। इसके आधार पर तृणमूल कांग्रेस ने पंचायत बोर्ड का गठन किया था।

प्रधान पद संभालने के बाद दीपंकर गिरी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के लोगों के हित में कार्य करना और विकास कार्यों को गति देना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक पंचायत क्षेत्र में विकास की अपेक्षा राजनीति अधिक हुई है।

नए प्रधान के चयन के बाद स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने आशा व्यक्त की है कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता