home page

भाजपा सदस्य ने बेलदा पंचायत में पहली बार किया प्रवेश, तृणमूल पर लगाए गंभीर आरोप

 | 
भाजपा सदस्य ने बेलदा पंचायत में पहली बार किया प्रवेश, तृणमूल पर लगाए गंभीर आरोप


भाजपा सदस्य ने बेलदा पंचायत में पहली बार किया प्रवेश, तृणमूल पर लगाए गंभीर आरोप


बेलदा, 07 मई (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा क्षेत्र में राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार भारतीय जनता पार्टी के विजयी पंचायत सदस्य ने ग्राम पंचायत कार्यालय में प्रवेश किया। भाजपा के पंचायत सदस्य गौरी शंकर अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर कई गंभीर आरोप लगाए।

मिली जानकारी के अनुसार, बेलदा के देउली क्षेत्र के 128 और 129 नंबर बूथ से विजयी भाजपा पंचायत सदस्य गौरी शंकर अधिकारी और सदस्य आशालता लंबे समय तक ग्राम पंचायत कार्यालय में प्रवेश नहीं कर सके थे। उनका आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक बाधाओं के कारण उन्हें अपने अधिकारों का प्रयोग करने से रोका गया।

राज्य में राजनीतिक बदलाव के बाद गुरुवार को नारायणगढ़ ब्लॉक के भाजपा नेता तथा पंचायत सदस्य गौरी शंकर अधिकारी पहली बार बेलदा-दो ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2018 और 2023 में जनता ने उन्हें चुना, लेकिन तृणमूल ने जनादेश का सम्मान नहीं किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि 2023 के पंचायत चुनाव के बाद तृणमूल ने कई पंचायत सदस्यों को जबरन अपने दल में शामिल कराया। हालांकि, उन्होंने और उनकी सहयोगी सदस्य आशालता ने संघर्ष जारी रखा। उन्होंने छह महीने पहले ही घोषणा की थी कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद ही वे पंचायत में प्रवेश करेंगे। अब उनका लक्ष्य बेलदा क्षेत्र के लोगों को सही और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि बेलदा-दो ग्राम पंचायत में उन सदस्यों के साथ मिलकर काम किया जाएगा जिनकी छवि साफ है और जिन्हें 2023 के पंचायत चुनाव में जबरन हराया गया था।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नई परिस्थिति में पंचायत से बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता