बेलदा में बसंत उत्सव मेले का शुभारंभ
पश्चिम मेदिनीपुर, 25 मार्च (हि.स.)। जिले के बेलदा स्थित सर्वमंगला राइस मिल मैदान में मंगलवार रात भव्य कार्यक्रम के साथ पारंपरिक बसंत उत्सव एवं मेले का शुभारंभ हुआ। बसंती पूजा के अवसर पर आयोजित यह मेला इस वर्ष अपने 21वें संस्करण में प्रवेश कर गया है। उद्घाटन के साथ ही मेले में स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। यह उत्सव आगामी दो अप्रैल तक लगातार दस दिनों तक चलेगा।
मेले के दौरान प्रतिदिन शाम को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खेलकूद एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। आयोजक समिति ने बताया कि यह उत्सव केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका एक व्यापक सामाजिक महत्व भी है।
मेला समिति के अध्यक्ष अखिलबंधु महापात्र तथा संयुक्त सचिव अरूप कामिल्या और अरुण साव ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती उग्रता और नकारात्मक प्रवृत्तियों के बीच समाज को शांति और सौहार्द का संदेश देना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि उत्सव के माध्यम से लोग आपसी भाईचारे के माहौल में शामिल हो सकें, इसी दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
कुल मिलाकर 21 वर्षों की यात्रा तय कर चुका बेलदा बसंत उत्सव अब क्षेत्र के लोगों के लिए एक प्रमुख सामाजिक एवं सांस्कृतिक मिलन उत्सव बन चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

