home page

पश्चिम मेदिनीपुर में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, नारायणगढ़ और केशियाड़ी में नए बीडीओ

 | 
पश्चिम मेदिनीपुर में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, नारायणगढ़ और केशियाड़ी में नए बीडीओ


मेदिनीपुर, 07 मार्च (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। नवान्न की ओर से जारी आदेश के तहत राज्यभर में कई ब्लॉक विकास अधिकारियों (बीडीओ) और जॉइंट बीडीओ का तबादला किया गया है।

जारी निर्देश के अनुसार, पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ और केशियाड़ी ब्लॉक के प्रशासनिक शीर्ष पदों में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नारायणगढ़ के बीडीओ कौशिक प्रमाणिक का तबादला जलपाईगुड़ी में डीएमडीसी पद पर कर दिया गया है। उनकी जगह जलपाईगुड़ी डीएमडीसी से सौमेंद्रनाथ पाल को नारायणगढ़ का नया बीडीओ बनाया गया है।

इसी तरह केशियाड़ी ब्लॉक के बीडीओ बापी हलदार का तबादला मालदा जिले के कालियाचक-तीन ब्लॉक में किया गया है। उनकी जगह खंदकार अल महमूद को केशियाड़ी का नया बीडीओ नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह नदिया जिले के कल्याणी ब्लॉक में कार्यरत थे।

नारायणगढ़ ब्लॉक के जॉइंट बीडीओ पद पर भी बदलाव किया गया है। वर्तमान जॉइंट बीडीओ रामकृष्ण हांसदा का तबादला पूर्व मेदिनीपुर जिले के महिषादल में कर दिया गया है। उनकी जगह सैकत मित्र को नया जॉइंट बीडीओ बनाया गया है।

इसके अलावा मोहनपुर के जॉइंट बीडीओ आकाश मुखर्जी का भी तबादला किया गया है और उनकी जगह कार्तिक विश्वास को नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार के इस आदेश के तहत पूरे राज्य में कुल 124 बीडीओ और 152 जॉइंट बीडीओ का व्यापक स्तर पर तबादला किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता