home page

बीबी कॉलेज में छात्र पिटाई के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन

 | 
बीबी कॉलेज में छात्र पिटाई के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन


आसनसोल, 23 सितंबर (हि. स.)। आसनसोल के बीबी कॉलेज परिसर में 21 सितंबर को छात्रों के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने जोरदार आंदोलन किया।आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एबीवीपी की ओर से आसनसोल स्टेशन रोड से रैली निकाली गई, जो आसनसोल दक्षिण थाना के सामने पहुंचकर धरना प्रदर्शन में तब्दील हो गई। प्रदर्शनकारियों ने थाना के सामने जीटी रोड पर बैठकर आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।

एबीवीपी का आरोप है कि 21 सितंबर को बीबी कॉलेज परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ मारपीट की गई थी। संगठन के अनुसार, इस घटना में कई छात्र घायल हुए थे और घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस-प्रशासन को उपलब्ध कराया गया है। मामले को लेकर 20 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर एबीवीपी ने 22 सितंबर को संवाददाता सम्मेलन कर पुलिस-प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। संगठन ने स्पष्ट किया था कि निर्धारित समय में गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

बुधवार को अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होने के बाद एबीवीपी के कार्यकर्ता और विद्यार्थी आसनसोल स्टेशन से रैली निकालते हुए आसनसोल दक्षिण थाना पहुंचे। थाना के सामने पहुंचने के बाद रैली धरने में बदल गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर आसनसोल दक्षिण थाना प्रभारी विश्वजीत मुखर्जी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से थाना परिसर में आकर बातचीत करने का अनुरोध किया। इसके बाद एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी के साथ मुलाकात कर अपनी मांगें और घटना से संबंधित विभिन्न बातें उनके सामने रखीं।

प्रतिनिधिमंडल में एबीवीपी के निरंजन यादव, भोला मिश्रा, विकास ठाकुर, रिया यादव, ओम प्रकाश मिश्रा और जिला मीडिया पर्यवेक्षक अनिक चक्रवर्ती समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी को घटना से संबंधित शिकायत, सीसीटीवी फुटेज और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विद्यार्थियों के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।

बातचीत के दौरान थाना प्रभारी विश्वजीत मुखर्जी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। एबीवीपी के अनुसार, थाना प्रभारी ने शिकायत में नामजद आरोपियों की तीन दिनों के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद एबीवीपी ने फिलहाल अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया और कार्यकर्ता सड़क से हट गए, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य होने लगी।

एबीवीपी नेता अनीश भट्टाचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों के साथ हुई मारपीट के मामले में संगठन पहले ही पुलिस-प्रशासन को कार्रवाई के लिए 24 घंटे का समय दे चुका था। समय सीमा समाप्त होने के बाद संगठन को सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पड़ा। विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। संगठन ने आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ कॉलेज परिसर में बाहरी लोगों की गतिविधियों पर रोक लगाने की भी मांग की।

एबीवीपी ने कहा कि पुलिस की ओर से तीन दिनों के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल आंदोलन समाप्त किया गया है। संगठन ने संकेत दिया कि यदि तय समय के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो आगे फिर आंदोलन किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा