home page

सागरदिघी विधायक बायरन विश्वास के घर में आग, झुलसी हालत में अस्पताल भेजे गए

 | 
सागरदिघी विधायक बायरन विश्वास के घर में आग, झुलसी हालत में अस्पताल भेजे गए


कोलकाता, 03 अक्टूबर (हि. स.)। मुर्शिदाबाद जिले के धुलियान स्थित अपने घर में आग लगने से सागरदिघी के विधायक बायरन विश्वास झुलस गए। शनिवार सुबह करीब 10 बजे के बाद उनके घर में आग लगी। घटना के समय विधायक घर में ही मौजूद थे। जख्मी अवस्था में उन्हें बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए उनके निजी अस्पताल ले जाया गया।

घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग लगने की खबर फैलते ही विधायक के घर के सामने बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। खबर लिखे जाने तक आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया था। पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक अनिंद्य गोस्वामी ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे बायरन विश्वास के परिवार की ओर से सूचना दी गई थी कि उन्हें मेडिकल कॉलेज लाया जाएगा। इसके बाद जलने से संबंधित उपचार के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली गई थीं और चिकित्सक भी तैयार थे। हालांकि, विधायक अस्पताल नहीं पहुंचे।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बायरन विश्वास को आग में झुलसने से चोटें आई हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधायक के घायल होने की खबर पर चिंता जताई और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि वह विधायक के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।

बायरन विश्वास ने मार्च 2023 में सागरदिघी विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार देबाशीष बनर्जी को 22 हजार 980 मतों से हराकर पहली बार विधायक का चुनाव जीता था। हालांकि, चुनाव परिणाम के कुछ महीनों बाद वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें सागरदिघी से उम्मीदवार बनाया था। चुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को 34 हजार से अधिक मतों से हराया था। चुनाव के बाद बायरन विश्वास के तृणमूल कांग्रेस के विभिन्न नेताओं के साथ राजनीतिक संबंधों को लेकर भी चर्चा होती रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता