home page

बंगाल : नवंबर के तीसरे सप्ताह में चक्रवात की आशंका

 | 
बंगाल : नवंबर के तीसरे सप्ताह में चक्रवात की आशंका


कोलकाता, 13 नवंबर (हि. स.)। नवंबर के मध्य में बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी तंत्र सक्रिय होने की संभावना के मद्देनजर पूर्वी भारत के तटीय क्षेत्रों में मौसम को लेकर निगरानी बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 14 नवंबर तक और अधिक चिह्नित निम्न दबाव तथा 15 नवंबर के आसपास अवदाब में बदल सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में बना ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण इस मौसमी बदलाव का प्रमुख कारण है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी में बादलों का जमाव और वायुमंडलीय गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

आईएमडी की 12 नवंबर को जारी विस्तारित अवधि की मौसम रिपोर्ट में बताया गया है कि 19 से 25 नवंबर के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती हिस्से में चक्रवाती तूफान विकसित होने को लेकर विभिन्न मौसम पूर्वानुमान मॉडलों में सहमति है। हालांकि, इसके संभावित मार्ग और किस स्थान पर यह तट से टकरा सकता है, इस संबंध में मॉडलों के पूर्वानुमान में अभी अंतर है।

इसलिए फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि संभावित चक्रवात आंध्र प्रदेश, ओडिशा या पश्चिम बंगाल के तट से टकराएगा।

आईएमडी के विस्तारित पूर्वानुमान में नवंबर के तीसरे सप्ताह के शुरुआती दिनों में पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है। संभावित चक्रवाती तूफान की दिशा और तीव्रता के आधार पर बारिश का क्षेत्र और मात्रा निर्धारित होगी।

पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना सहित राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, इन जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश अथवा तेज तूफानी हवाओं को लेकर फिलहाल कोई निश्चित आधिकारिक पूर्वानुमान जारी नहीं हुआ है।

कोलकाता स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के 13 नवंबर को सुबह 6:45 बजे जारी समुद्री क्षेत्र बुलेटिन में फिलहाल किसी तूफान की चेतावनी नहीं दी गई है। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जरूर जताई गई है। समुद्र की स्थिति कुछ स्थानों पर सामान्य से खराब हो सकती है।

ऐसे में समुद्र में जाने वाले मछुआरों और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग तथा प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता