हाड़ोआ : सापपुकुर इलाके में बर्फ कारखाने में गैस लीक, 20 से ज्यादा बीमार
उत्तर 24 परगना, 24 अगस्त (हि. स.)। बशीरहाट महकमा के हाड़ोआ के धर्मतला मोड़ के पास सापपुकुर इलाके में एक बर्फ कारखाने में गैस लीक होने से करीब 20 मजदूर और स्थानीय लोग बीमार हो गए। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे अचानक कारखाने की एक पाइप फट गई, जिसके बाद अमोनिया, नाइट्रोजन और कार्बन डाइऑक्साइड मिश्रित गैस बाहर निकलने लगी। गैस के प्रभाव से कई लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।
घटना की सूचना पाकर हाड़ोआ थाने की पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बीमार लोगों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। इनमें से तीन लोगों की हालत बिगड़ने पर उन्हें हाड़ोआ ग्रामीण अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। दमकल और पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए फटी पाइप से गैस का रिसाव बंद किया और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि पाइप किस वजह से फटी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
घनी आबादी वाले इलाके में गैस लीक होने की घटना से लोगों में दहशत फैल गई। घटना के विरोध में और बर्फ कारखाने के मालिक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बेड़ाचांपा-हाड़ोआ रोड जाम कर प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस के आश्वासन पर लोगों ने सड़क जाम हटा लिया। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है।
उल्लेखनीय है कि बशीरहाट महकमा के हाड़ोआ के धर्मतला मोड़ के पास सापपुकुर में एक बर्फ कारखाने में गैस लीक हुई। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे कारखाने की एक पाइप अचानक फट गई। पाइप फटने के बाद अमोनिया, नाइट्रोजन और कार्बन डाइऑक्साइड मिश्रित गैस बाहर निकलने लगी। गैस के प्रभाव से कम से कम 20 मजदूर और स्थानीय लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों को मुख्य रूप से सांस लेने में परेशानी हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

