home page

बसंती के 76 नंबर बूथ पर भाजपा प्रत्याशी विकास सरदार पर हमला

 | 
बसंती के 76 नंबर बूथ पर भाजपा प्रत्याशी विकास सरदार पर हमला


दक्षिण 24 परगना, 29 अप्रैल (हि. स.)। जिले के बसंती विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, बसंती के 76 नंबर बूथ पर भाजपा प्रत्याशी विकास सरदार पर हमला किया गया।

बताया जा रहा है कि विकास सरदार जब बूथ का निरीक्षण करने पहुंचे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया। हमले के दौरान विकास सरदार की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। इतना ही नहीं, उनके सुरक्षा कर्मी के पास मौजूद आग्नेयास्त्र छीनने की भी कोशिश की गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि मौके पर केंद्रीय बल मौजूद होने के बावजूद उन्होंने विकास सरदार को बचाने या स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोई सक्रिय भूमिका नहीं निभाई। इसको लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मतदान के बीच हुई इस घटना ने बसंती क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा