home page

वासंती : सड़क दुघर्टना में युवक की मौत, छह घायल

 | 

दक्षिण 24 परगना , 25 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के बसंती में रविवार सुबह बसंती राज्य सड़क पर सात नंबर बाजार के पास ऑटो और मारुति कार के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कैनिंग महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह यात्रियों से भरा एक ऑटो जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक मारुति कार के साथ उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए रक्तरंजित हालत में पड़े घायलों को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल कैनिंग महकमा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में छह घायलों का इलाज चल रहा है। इनमें कुछ की हालत गंभीर होने की जानकारी मिली है।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी हुई है। दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और मारुति कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा