बसंती में हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद, तृणमूल कांग्रेस के दो स्थानीय नेता गिरफ्तार
दक्षिण 24 परगना, 20 जून (हि. स.)। जिले के बसंती इलाके में शनिवार को संयुक्त अभियान के दौरान भारी मात्रा में आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के दो स्थानीय नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान शौकत गाएन और धोनीजाफर शेख के रूप में हुई है। बसंती थाना पुलिस और पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने यह तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, शौकत गाएन के तालाब क्षेत्र से 14 लंबी दूरी के आग्नेयास्त्र और 95 राउंड कारतूस बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि हथियारों को तालाब घाट की सीढ़ियों के नीचे छिपाकर रखा गया था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शौकत गाएन के पुत्र रेजाउल गाएन बसंती के कांठलबेरिया ग्राम पंचायत से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित पंचायत सदस्य हैं। उन्हें स्थानीय तृणमूल नेता राजा गाजी का करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पुलिस ने गिरफ्तार पूर्व तृणमूल नेता शेख शाहजहां से जुड़े ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। उस दौरान भी तालाब से बड़ी संख्या में हथियार बरामद हुए थे।
उसी जांच के आधार पर बसंती के चाराविद्या गांव से रमजान शेख नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। रमजान शेख को कैनिंग पूर्व के पूर्व तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला का करीबी बताया जाता है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, रमजान के संबंध हाल ही में बम विस्फोट मामले में एनआईए द्वारा गिरफ्तार किए गए शौकत मोल्ला और सीबीआई व ईडी द्वारा गिरफ्तार शेख शाहजहां दोनों से थे।
एसटीएफ ने कुछ दिन पहले रमजान के घर से भी कई हथियार बरामद किए थे। हिरासत में पूछताछ के दौरान बसंती क्षेत्र में एक के बाद एक हथियारों के ठिकानों की जानकारी सामने आई। इसी पूछताछ के आधार पर पुलिस शौकत गाएन के घर तक पहुंची और वहां छिपाए गए हथियारों का जखीरा बरामद किया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

