home page

बरूईपुर दुष्कर्म-हत्या मामला : डीजी सिध्दनाथ गुप्ता ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

 | 
बरूईपुर दुष्कर्म-हत्या मामला : डीजी सिध्दनाथ गुप्ता ने किया घटनास्थल का निरीक्षण


कोलकाता, 07 जुलाई (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना के बरूईपुर में नाबालिग से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच तेज़ी से आगे बढ़ रही है। मंगलवार को पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एस. एन. गुप्ता उस तालाब पर पहुंचे, जहां से पीड़िता का शव बरामद किया गया था। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जांच अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और मौके पर चल रही जांच की समीक्षा की।

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में डीजीपी एस. एन. गुप्ता ने कहा कि मामले की जांच अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का काम लगभग पूरा हो चुका है और पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के मंत्री भी घटनास्थल का दौरा कर रहे हैं और उनके निर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का पूरा ध्यान निष्पक्ष और त्वरित जांच पर है, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके।

पुलिस की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर डीजीपी ने कहा कि मामले से जुड़े सभी प्रशासनिक पहलुओं की भी समीक्षा की जा रही है। यदि जांच में किसी स्तर पर किसी पुलिस अधिकारी या अन्य व्यक्ति की लापरवाही अथवा जिम्मेदारी सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीजीपी एस. एन. गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि यह मामला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता में है और जांच पूरी पारदर्शिता तथा गंभीरता के साथ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद शीघ्र ही आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा