home page

बारुईपुर कांड : हिंसा, पुलिस पर हमले और भीड़ द्वारा हत्या के मामले में 22 और गिरफ्तार, कुल 40 आरोपित पकड़े गए

 | 
बारुईपुर कांड : हिंसा, पुलिस पर हमले और भीड़ द्वारा हत्या के मामले में 22 और गिरफ्तार, कुल 40 आरोपित पकड़े गए


दक्षिण 24 परगना, 09 जुलाई (हि. स.)। जिले के बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले के बाद भड़की हिंसा को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस पर हमला, सड़क और रेल अवरोध, आगजनी, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा एक युवक की पीट-पीटकर हत्या के आरोप में रातभर चले अभियान के दौरान 22 और लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की गई। गुरुवार सुबह तक 22 और आरोपितों को पकड़ लिया गया। सभी आरोपितों को बारुईपुर महकमा अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।

रविवार को नाबालिग पीड़िता का शव मिलने के बाद इलाके में कई चरणों में हिंसा भड़क उठी थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके अलावा रेल और सड़क अवरोध, आगजनी तथा पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं भी सामने आईं।

पुलिस का कहना है कि एक्स पर वायरल हुए वीडियो और अन्य फुटेज की जांच के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई है। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर लगातार गिरफ्तारियां की जा रही हैं और फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

इस बीच, पीड़िता का शव मिलने के दिन ही मुख्यमंत्री ने उसके पिता से फोन पर बात कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि हिंसा, तोड़फोड़, पुलिस पर हमले और भीड़ द्वारा हत्या जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने भीड़ द्वारा हत्या के मामले में सांप्रदायिक पहलू की आशंका जताई थी। साथ ही आरोप लगाया था कि नाबालिग का शव मिलने के बाद हुई हिंसा और उपद्रव के पीछे विपक्षी दलों की उकसावे की भूमिका हो सकती है। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर